हिमाचल के 51 शहरी निकायों में 69.16 फीसदी मतदान, हमीरपुर रहा सबसे आगे, 31 मई को आएंगे चार नगर निगमों के चुनाव परिणाम
हिमाचल प्रदेश के 51 शहरी निकायों के आम चुनाव के लिए रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से मतदान सम्पन्न हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक ईवीएम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया चली। प्रदेशभर में कुल 3,62,025 मतदाताओं में से 2,50,391 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिससे कुल मतदान प्रतिशत 69.16 दर्ज किया गया।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही तथा कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई। आयोग ने जिला प्रशासन, चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिस बल तथा मतदाताओं का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।
जिलावार मतदान प्रतिशत में हमीरपुर जिला सबसे आगे रहा, जहां 78.89 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद शिमला में 77.36 फीसदी और ऊना में 77 फीसदी मतदान हुआ। वहीं सबसे कम मतदान सोलन जिले में 64.20 फीसदी दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 72.06 फीसदी, मंडी में 71.23 फीसदी, चंबा में 68.22 फीसदी, कुल्लू में 67.80 फीसदी, कांगड़ा में 67.34 फीसदी तथा सिरमौर में 67.24 फीसदी मतदान हुआ।
नगर परिषदों और नगर पंचायतों में कुल मतदान प्रतिशत 72.42 फीसदी दर्ज किया गया। इन निकायों में कुल 2,30,656 मतदाताओं में से 1,67,049 मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं नगर निगम क्षेत्रों में कुल 63.44 फीसदी मतदान हुआ। नगर निगम कांगड़ा में 63.72 फीसदी, मंडी में 68.78 फीसदी तथा सोलन में 58.32 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।
प्रदेश की सबसे छोटी नगर परिषद श्री नैना देवी जी में सर्वाधिक लगभग 86 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो चुनाव का विशेष आकर्षण रहा।
राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक 21 अप्रैल 2026 को चुनाव अधिसूचना जारी होने के बाद कुल 1,426 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें से 32 नामांकन पत्र खारिज हुए जबकि 1,394 नामांकन वैध पाए गए। नाम वापसी की अंतिम तिथि के बाद 237 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए थे, जिसके बाद कुल 1,147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए।
47 नगर परिषदों और नगर पंचायतों के परिणाम आज ही घोषित किए जाएंगे। वहीं चार नगर निगमों की मतगणना एवं परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया 31 मई 2026 को सम्पन्न होगी।
