Today News Hunt

News From Truth

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप ने कॉंग्रेस सरकार पर केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ (UDAN) के अंतर्गत प्रदेश में हवाई सेवाओं और हेलीपोर्टों के विकास का श्रेय लेने के लगाए आरोप

Spread the love

भाजपा सांसद व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर केंद्र सरकार की योजनाओं का राजनीतिक श्रेय लेने का गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार विकास कार्यों से अधिक उद्घाटन समारोहों और प्रचार की राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी क्षेत्रीय संपर्क योजना ‘उड़ान’ (UDAN) के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में हवाई सेवाओं और हेलीपोर्टों का विकास किया जा रहा है, लेकिन कांग्रेस सरकार इन उपलब्धियों को अपनी उपलब्धि बताकर जनता के सामने प्रस्तुत करने का प्रयास कर रही है।

सुरेश कश्यप ने कहा कि संसद में प्रस्तुत आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जून 2024 तक हिमाचल प्रदेश में उड़ान योजना के अंतर्गत विमानन अवसंरचना के लिए 213.52 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे, जिनमें से 160.48 करोड़ रुपये का उपयोग दर्ज किया गया था। फरवरी 2026 तक प्रदेश में 38 क्षेत्रीय हवाई मार्ग परिचालित किए जा चुके थे और चार हेलीपोर्ट क्षेत्रीय हवाई संपर्क से जुड़ चुके थे। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े केंद्र सरकार की हिमाचल के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

कश्यप ने सवाल उठाया कि जब योजना केंद्र सरकार की है, वित्तीय सहायता केंद्र की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दूरदराज क्षेत्रों को हवाई संपर्क से जोड़ने का अभियान चल रहा है, तो उद्घाटन समारोहों में प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार के योगदान को उचित स्थान क्यों नहीं दिया जा रहा?

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार उद्घाटन कार्यक्रमों में भाजपा सांसदों की भागीदारी और उनके नामों को नजरअंदाज करके लोकतांत्रिक परंपराओं तथा राजनीतिक शिष्टाचार का उल्लंघन कर रही है। उन्होंने कहा कि सांसद जनता के निर्वाचित प्रतिनिधि हैं, किसी राजनीतिक दल की सरकार उन्हें सार्वजनिक विकास कार्यों से अलग नहीं कर सकती।

पालमपुर हेलीपोर्ट का उल्लेख करते हुए सुरेश कश्यप ने कहा कि यह परियोजना भी केंद्र की उड़ान योजना के अंतर्गत चिह्नित है। इसके विकास से संबंधित निविदाएं जारी हो चुकी हैं, जबकि नियमित हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होना अभी शेष है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार पालमपुर हेलीपोर्ट को भी कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत उपलब्धि के रूप में प्रचारित करने की तैयारी कर रही है।

कश्यप ने मुख्यमंत्री से पूछा कि पालमपुर सहित अन्य हेलीपोर्टों के विकास में केंद्र और राज्य का वास्तविक वित्तीय योगदान कितना है? कितनी धनराशि स्वीकृत हुई, कितनी खर्च हुई और कौन-से कार्य पूरे हुए? सरकार इन सभी तथ्यों को सार्वजनिक करे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को यह समझना चाहिए कि केंद्र की योजनाओं पर अपना नाम चिपकाने से विकास का श्रेय नहीं बदल जाता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

सुरेश कश्यप ने मांग की कि उड़ान योजना से जुड़े सभी उद्घाटन समारोहों में केंद्र सरकार के योगदान का स्पष्ट उल्लेख हो, संबंधित सांसदों को उचित सम्मान और भागीदारी मिले तथा पालमपुर सहित सभी हेलीपोर्ट परियोजनाओं की वित्तीय एवं निर्माण प्रगति सार्वजनिक की जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू को श्रेय लेने की राजनीति छोड़कर परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और प्रदेश की जनता को वास्तविक सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर ध्यान देना चाहिए।

About The Author

More Stories

You may have missed