उड़ता पंजाब के बाद उड़ता हिमाचल बनाने की फिराक में हैं पंजाब के नशा तस्कर, 26 और 29 वर्षीय युवक व युवती को पुलिस ने 44.15 ग्राम चिट्टे के साथ किया गिरफ़्तार
जिला शिमला के थाना जुब्बल में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आज 12 मार्च को एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों से कुल 44.15 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की । इस संबंध में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप सिंह पुत्र श्री गुरमाइज सिंह, निवासी गांव डोनेमट्टर, तहसील गुरूहर्सहाय, जिला फिरोजपुर (पंजाब), उम्र 26 वर्ष और अमनप्रीत कौर पत्नी मलकीत सिंह, निवासी गांव मत्तर हियार, तहसील गुरूहर्सहाय, जिला फिरोजपुर (पंजाब), उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है। यह दोनों आरोपी चिट्ठे की इस खेप को जुब्बल और रोहड़ू क्षेत्र के युवाओं को बेचने की फिराक में थे।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा उन्हें आज न्यायालय के समक्ष पेश किया गया । मामले की आगे की जांच जारी है।
शिमला जिला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
