भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर कसे तीखे तंज, कहा-आपस में ही बज रहे हैं कॉंग्रेस के बर्तन
भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने सेस लगाने और टैक्स बढ़ाने जैसे फैसलों पर प्रदेश की सुक्खू सरकार पर शब्दों के तीक्ष्ण बाण छोड़ते हुए कड़े तंज कसे हैं । अनुराग ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की हालत इस कहावत से चरितार्थ होती है कि चौबे बनने गए थे छब्बे, दूबे बनके लौटे । उन्होंने कहा कि कुछ यही हाल हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का भी है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि ये सामान्य समझ की बात है कि, जब कोई सरकार विधानसभा में बिल लाकर टैक्स, वैट बढ़ाने या सेस लगाने की बात करती है, तो उसका सीधा मतलब है कि अब जनता को ज्यादा पैसा देना पड़ेगा। भाजपा के दबाव बनाने के बाद अब मुख्यमंत्री इधर-उधर बातें कर विषय को गोल-गोल घुमा रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जनता पर टैक्स का बोझ लाद कर सुक्खू जी मित्रों की मौज करा रहे हैं, चुनावी गारंटियाँ पूरी ना कर पाने वाली कांग्रेस पार्टी के बर्तन आपस में ही बज रहे हैं मगर विडंबना ये है कि प्रदेश को कर्ज के बोझ तले दबाने वाले सुक्खू जी कंबल ओढ़ के घी पीने में मस्त हैं।
