ज़िला शिमला के रामपुर के सराहन में सगे भाई ने खून के रिश्ते को किया तार -तार , बड़े भाई को उतारा मौत के घाट,पुरानी रंजिश बताया कारण
शिमला ज़िला के रामपुर सराहना में खून के रिश्ते को तार-तार करने व वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जहां छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को मौत की नींद सुला दिया पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कल सुबह झाकड़ी थाने में एक सूचना मिली जिसमें राई खड्ड के समीप शमशान घाट के पास एक व्यक्ति के अचेतावस्था में पड़े होने की जानकारी दी गई । सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो वहां एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ था । मृतक की पहचान श्री अनिल कुमार उर्फ काकू (उम्र 35 वर्ष), पुत्र स्व. सबीर दास निवासी गांव सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक निरीक्षण के दौरान मृतक के शरीर, मुंह आदि के पास चोटों तथा खून के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ।जिस पर थाना झाकड़ी में अभियोग संख्या 24/2026 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
घटनास्थल का निरीक्षण विशेषज्ञ टीम (SFSL) की उपस्थिति में किया गया तथा मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए CH सराहन भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मामले में मृतक के छोटे भाई विक्रम पुत्र स्व. श्री सबीर दास, निवासी गांव व डाकघर सराहन, तहसील रामपुर, जिला शिमला हि.प्र., उम्र 34 वर्ष को भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर प्रारंभिक संदेह होने पर पूछताछ हेतु हिरासत में लेकर जांच में शामिल किया गया। विस्तृत पूछताछ एवं साक्ष्यों के विश्लेषण के दौरान उसकी संलिप्तता सामने आने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।आरोपी ने अपना जुर्म भी कबूल किया है जो कि साक्ष्यों से सिद्ध होता है। आरोपी ने अपने भाई के साथ बैठकर शराब का सेवन करके पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या कर दी। पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी है।
हैरान कर देने वाली इस घटना ने खून के रिश्ते को तो दागदार कर ही दिया है साथ ही ये सोचने के लिए भी मजबूर कर दिया है कि देवभूमि हिमाचल जैसे राज्य में युवा पीढ़ी नशे में चूर हो कर किस कदर गर्त में जा रही है और भी भाई के जिस रिश्ते के लिए लोग जान देने में भी पीछे नहीं रहते थे आज उसी के खून से अपने हाथ रंग रहे हैं ।
