इटर्नल यूनिवर्सिटी बडू साहिब में आयोजित एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में इस बार भी वरिष्ट माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर का शानदार प्रदर्शन,अधिकतर पदक किए अपने नाम
इस बार भी आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर के एन.सी.सी. कैडेट्स ने इटर्नल यूनिवर्सिटी बडू साहिब में आयोजित एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में शानदार प्रदर्शन से विद्यालय का नाम रोशन किया । 30 अगस्त से 10 सितंबर तक आयोजित इस शिविर में प्रदेश के सरकारी व निजी स्कूलों और महाविद्यालयों के करीब 700 कैडेट्स ने हिस्सा लिया और युद्ध व सैन्य कौशल,फायरिंग, ड्रिल,फील्ड क्राफ्ट,बैटल क्राफ्ट की बारीकियां सीखीं ।
इस दौरान कैडेट्स के चहुंमुखी विकास के लिए खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई । इस शिविर में एनसीसी अधिकारी तृप्ता शर्मा की अगुवाई में पोर्टमोर स्कूल के एनसीसी कैडेट्स ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन, टीम भावना और कठिन परिश्रम का परिचय देते हुए अनेक प्रतियोगिताओं में शानदार सफलता हासिल की।
प्रतियोगिताओं में समूह गान, समूह नृत्य, एकल गान, कंकड़ चित्रकला (Pebble Painting) और खो-खो में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं एकल नृत्य में द्वितीय तथा डी.एस.टी. में तृतीय स्थान हासिल किया। बेस्ट फायरिंग में भी कैडेट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कैडेट्स की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जय देव नेगी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनके निरंतर अभ्यास, समर्पण और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने एनसीसी अधिकारी तृप्ता शर्मा और एनसीसी स्टाफ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, देशभक्ति और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
एनसीसी अधिकारी ने कहा कि कैडेट्स ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है तथा अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती है।
विद्यालय परिवार ने सभी विजेता कैडेट्स को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
