प्रदेश के शिमला स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर श्री संकट मोचन मंदिर में चोरी, गर्भगृह से चांदी के मुकुट, सोने की नथ और नकदी गायब, पुलिस ने जारी की संदिग्ध की तस्वीर
राजधानी शिमला के प्रसिद्ध श्री संकट मोचन मंदिर में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोर ने मंदिर के गर्भगृह में सेंध लगाकर देवी-देवताओं के आभूषणों और दानपात्र की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए CCTV फुटेज के आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर जारी की है और आम जनता से सहायता की अपील की है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर के गर्भगृह से भगवान के चांदी के तीन मुकुट और माता सीता की लगभग एक तोला वजनी सोने की नथ चुरा ले गया। इसके अलावा मंदिर में रखे दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी नकदी भी साफ कर दी गई है।
घटना के संदर्भ में पुलिस थाना बालूगंज (पश्चिम शिमला) में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(D) के तहत मामला (FIR सं. 236/2026, दिनांक 01.11.2026) दर्ज कर लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिमला पुलिस गहनता से जांच में जुट गई है। जांच के दौरान मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया है। पुलिस ने उक्त संदिग्ध की तस्वीर सार्वजनिक करते हुए अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति इस पहचान वाले व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी रखता है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करे।
सूचना देने के लिए संपर्क सूत्र:
- लैंडलाइन: 0177-2830193 (पुलिस थाना बालूगंज)
- मोबाइल: 88947-28013 (SHO पश्चिम)
