एचआईएमसीए (HIMCA) क्यूलिनरी चैलेंज में हिमाचली व्यंजन और पाक विरासत का शानदार प्रदर्शन, 50 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और पारंपरिक पाक ज्ञान का किया शानदार प्रदर्शन
हिम आंचल शेफ्स एसोसिएशन (HIMCA) द्वारा आईएचएम कुफरी, शिमला में आयोजित HIMCA Culinary Challenge में विभिन्न श्रेणियों में 50 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक पाक कला, स्थानीय व्यंजनों और समृद्ध क्यूलिनरी हेरिटेज को संरक्षित एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना रहा।
कार्यक्रम में शिमला के उपायुक्त अनुपम कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ हिमाचल के अध्यक्ष देविंदर वर्मा, रेडिसन के उपाध्यक्ष विकास कपूर तथा हिमाचल प्रदेश के श्रम आयुक्त डॉ. वीरेंद्र शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में होम शेफ, होम बेकर, स्कूली विद्यार्थी तथा आईएचएम के प्रशिक्षु शेफ सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और पारंपरिक पाक ज्ञान का शानदार प्रदर्शन किया।














कार्यक्रम का विशेष आकर्षण पारंपरिक हिमाचली व्यंजनों की प्रस्तुति रही। होम शेफ्स द्वारा ऐसे कई पारंपरिक व्यंजन प्रस्तुत किए गए जो आज धीरे-धीरे हमारी थाली और रसोई से विलुप्त होते जा रहे हैं। इन व्यंजनों ने हिमाचल की समृद्ध खाद्य परंपरा और पीढ़ियों से चली आ रही पाक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि श्री अनुपम कश्यप, उपायुक्त शिमला, ने कहा कि हिमाचली व्यंजनों को केवल हिमाचल तक सीमित न रखते हुए राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता है। उन्होंने HIMCA, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ हिमाचल तथा होटल एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग के संयुक्त प्रयासों से हिमाचली खान-पान को देशभर में बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।
HIMCA के अध्यक्ष शेफ नंद लाल शर्मा ने कहा कि HIMCA हिमाचल की पारंपरिक पाक कला और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में क्यूलिनरी प्रतियोगिताओं, सेमिनारों, डेमोंस्ट्रेशन और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवा शेफ्स को हिमाचली पाक विरासत से जोड़ने के प्रयास और तेज किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि हमारी पाक विरासत केवल भोजन नहीं है, बल्कि यह हमारे पहाड़ों, हमारी संस्कृति, हमारी परंपराओं और पीढ़ियों से प्राप्त ज्ञान की कहानी है। हमारा प्रयास है कि इस विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को इससे जोड़कर इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया जाए।”
कार्यक्रम ने युवाओं को हॉस्पिटैलिटी एवं क्यूलिनरी क्षेत्र को करियर के रूप में अपनाने के लिए भी प्रेरित किया तथा उन्हें अपनी स्थानीय खाद्य परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।
प्रतियोगिता के परिणाम
होम शेफ
🥇 चमामन लाल शर्मा – गोल्ड
🥈 कल्पना -Silver
-अंजना – सिल्वर
🥉 रिया एवं रेनू – ब्रॉन्ज
होम बेकर
🥇 अंजना – गोल्ड
🥈 आरती अग्रवाल – सिल्वर
🥉 यशस्वनी एवं सान्या शर्मा – ब्रॉन्ज
स्टूडेंट शेफ (कक्षा 9वीं–10वीं)
🥇 कार्तिक कौशल – गोल्ड
11-12th student category शेफ प्रतियोगिता
🥇 रिया – गोल्ड
🥈 कल्पना – सिल्वर
🥉 प्रिंचल चौहान – ब्रॉन्ज
Hospitality student श्रेणी
🥇 जोगिंदर कुमार – गोल्ड
🥈 स्टैंज़िन चुनस्केट – सिल्वर
🥉 पीयूष मंडल एवं रिया – ब्रॉन्ज
HIMCA ने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को बधाई देते हुए ज्यूरी सदस्यों, आयोजन समिति, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों, सहयोगी संस्थाओं और प्रायोजकों का आभार व्यक्त किया, जिनके सहयोग से यह आयोजन हिमाचल की पाक विरासत को समर्पित एक महत्वपूर्ण पहल बन सका।
