Today News Hunt

News From Truth

मुख्यमंत्री ने की घोषणा-ज्वाली में खुलेगा खंड विकास कार्यालय, नागरिक अस्पताल भी होगा स्तरोन्नत

1 min read
Spread the love

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि जवाली में एक नया विकास खंड कार्यालय खोला जाएगा और क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए 50 बिस्तरों वाले नागरिक अस्पताल को 100 बिस्तरों के अस्पताल में स्तरोन्नत किया जाएगा। ‘प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष’ समारोहों की कड़ी में आज कांगड़ा जिले के जवाली विधानसभा क्षेत्र के ज्वाली में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने यह घोषणाएं कीं।
जय राम ठाकुर ने कहा कि स्वतंत्रता के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आज पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत देश की जनता से अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्र और तिरंगे के प्रति गौरव, स्नेह और सम्मान की भावना पैदा करना है। मुख्यमंत्री ने इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रदेशवासियों का धन्यवाद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश भी अपने अस्तित्व के 75वें वर्ष मंे प्रवेश कर चुका है और राज्य सरकार प्रदेश भर में 75 कार्यक्रम आयोजित करके इस महत्वपूर्ण अवसर को शानदार तरीके से मना रही है। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को राज्य के गौरवमयी विकासात्मक, सांस्कृतिक और राजनीतिक सफर से अवगत करवाना है। उन्होंने कहा कि यह अवसर उन सभी नेताओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों, शिक्षकों, कर्मचारियों, श्रमिकों, किसानों और सबसे बढ़कर उन सभी लोगों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का है, जिन्होंने हिमाचल के विकास में योगदान दिया है। उन्होंने हिमाचल को देश के अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श राज्य बनाने तथा सक्षम नेतृत्व प्रदान करने के लिए प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों का धन्यवाद भी किया।
जय राम ठाकुर ने कहा कि कोविड-19 प्रबंधन के मामले में हिमाचल देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में से एक रहा। उन्होंने कहा कि इस महामारी से निपटने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की न केवल प्रधानमंत्री, बल्कि अन्य राज्यों ने भी सराहना की है। उन्होंने कहा कि इस संकट के दौरान प्रदेश सरकार ने देश के अन्य राज्यों में फंसे लगभग ढाई लाख लोगों को सुरक्षित घर पहुंचाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेताओं ने उस कठिन दौर और संवेदनशील मुद्दे का राजनीतिकरण करने से भी परहेज नहीं किया। इन नेताओं ने कोरोना रोधी टीकाकरण को लेकर भी लोगों को गुमराह करने की कोशिश की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने धर्मशाला से ‘नारी को नमन’ कार्यक्रम शुरू करके महिलाओं को हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों में किराये में 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की है। महिलाओं को यह रियायत राजनीतिक कदम नहीं है, बल्कि महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के प्रदेश सरकार के संकल्प की दिशा में एक छोटा कदम है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए सरकार ने शगुन योजना, गृहिणी सुविधा योजना, बेटी है अनमोल और महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद जैसी योजनाएं आरंभ की हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारियों या दुर्घटनाओं के कारण असहाय लोगों के लिए प्रदेश सरकार की सहारा योजना वरदान साबित हो रही है। इन असहाय लोगों को प्रतिमाह 3000 रुपये की राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भी सरकार ने गरीब और जरुरतमंद लोगों के लिए ऐसी योजनाएं शुरू करने के बारे में नहीं सोचा था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली भी उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी की अपनी कोई गारंटी नहीं है, वह राज्य के लोगों को दस गारंटी दे रही है।
जय राम ठाकुर ने प्रदेश के लोगों से राज्य में डबल इंजन सरकार सुनिश्चित करने के लिए आगामी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी का समर्थन करने का आग्रह किया ताकि विकास की गति को निर्बाध बनाए रखा जा सके। उन्होंने राजकीय उच्च विद्यालय टालियां को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में स्तरोन्नत करने की घोषणा भी की।
इससे पहले, मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना- मेरी पॉलिसी मेरे हाथ का भी शुभारम्भ किया।
मुख्यमंत्री ने ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 9.11 करोड़ रुपये लागत की चार विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण किए। जिसमें हरनोटा बनोली रोड को जोड़ने के लिए नारियल पनोला से गांव चचियां तक लिंक रोड पर बनोली खड्ड पर 2.52 करोड़ रुपये लागत से निर्मित पुल, बनोली से चचियां सड़क मार्ग पर बनोली खड्ड पर 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल, हरनोटा बनोली से चचियां मस्तगढ़ जौंटा रोड पर बुहाल खड्ड पर 2.75 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पुल और ग्राम पंचायत हार के खब्बल में 2.70 करोड़ रुपये लागत से निर्मित गौ अभयारण्य शामिल है।
इस अवसर पर ज्वाली के विधायक अर्जुन ठाकुर ने मुख्यमंत्री और अन्य गणमान्य लोेगों का स्वागत करते हुए कहा कि ज्वाली में डिग्री महाविद्यालय खोलने की लंबे समय से चली आ रही मांग को मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा फिर से सरकार बनाएगी। उन्होंने क्षेत्र की विकासात्मक मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष रखते हुए क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए ज्वाली में विकास खंड कार्यालय खोलने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
वन मंत्री राकेश पठानिया, इंदौरा की विधायक रीता धीमान, पूर्व सांसद कृपाल परमार, पंजाब के पूर्व मंत्री के.डी. भंडारी, ओ.पी. चौधरी, फतेहपुर से भाजपा के वरिष्ठ नेता बलदेव ठाकुर, उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।
.0.

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed