कांग्रेस का छात्र संगठन एनएसयूआई प्रदेश के युवाओं को क्रिकेट के माध्यम से दे रहा है चिट्टे से दूर रहने का संदेश, शिमला में ‘एंटी-चिट्टा क्रिकेट महाकुंभ’ का सफल आयोजन सम्पन्न, मैडी-11 चौपाल ने किया ट्रॉफी पर कब्जा
कांग्रेस पार्टी के छात्र संगठन एनएसयूआई की शिमला शहरी इकाई ने प्रदेश खासकर ज़िला शिमला के युवाओं को चिट्टे जैसे जानलेवा नशे से दूर रहने का संदेश देने के लिए देश के सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट को चुना और इसी उद्देश्य से संगठन ने शिमला के पुलिस ग्राउंड भराड़ी में 10 दिवसीय ‘एंटी-चिट्टा क्रिकेट महाकुंभ’ का सफल आयोजन किया । प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री के ओएसडी रितेश कपरेट और नगर निगम शिमला की उप-महापौर ऊमा कौशल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
युवाओं में बढ़ते नशे, विशेष रूप से ‘चिट्टे’, के खिलाफ जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट में कुल 64 टीमों ने भाग लिया और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
महापौर ने बताया कि पुलिस ग्राउंड भराड़ी के विकास के लिए नगर निगम शिमला लगातार प्रयास कर रहा है। मैदान के चारों ओर सुरक्षा के लिए जालियां लगाई जाएंगी, ताकि खेल गतिविधियां सुरक्षित और सुचारू रूप से संचालित हो सकें। इसके साथ ही ग्राउंड की दीवारों पर पेंटिंग और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा।
