Today News Hunt

News From Truth

शिमला में प्राकृतिक खेती एवं रसायन-मुक्त कृषि पर राज्य स्तरीय सम्मेलन आयोजित , लगभग 8,000 लोगों ने लिया भाग,गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्राकृतिक खेती को बताया प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित करने और स्वस्थ भविष्य का आधार

Spread the love

प्राकृतिक खेती समय की मांग है। प्रकृति के अनुरूप कृषि पद्धति अपनाकर हम धरती की उर्वरता, पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य का संरक्षण करते हुए प्रकृति के साथ संतुलन स्थापित कर सकते हैं। प्राकृतिक खेती केवल कृषि उत्पादन की पद्धति नहीं, बल्कि धरती, पर्यावरण और भावी पीढ़ियों के संरक्षण का संकल्प है। गुजरात के राज्यपाल एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने आज शिमला में साई इटरनल फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्राकृतिक खेती एवं रसायन-मुक्त कृषि पर राज्यस्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह विचार व्यक्त किए।

आचार्य देवव्रत ने प्राकृतिक खेती के अपने लगभग दस वर्षों के अनुभव साझा करते हुए इसकी विभिन्न तकनीकों, स्थानीय कृषि संसाधनों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य, प्राकृतिक कृषि इनपुट, रसायन-मुक्त कृषि उत्पादन तथा खेती की लागत कम करने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं को समझाते हुए कहा कि कृषि में स्थानीय संसाधनों के प्रभावी उपयोग से किसानों को बाहरी संसाधनों पर निर्भरता कम करने और भूमि की प्राकृतिक उर्वरता बनाए रखने में सहायता मिल सकती है।


उन्होंने मृदा संरक्षण और मिट्टी की उर्वरता के महत्व पर बल देते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता केवल आज की फसल का प्रश्न नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के जीवन, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा से जुड़ा विषय है। हमारा संकल्प केवल आने वाली पीढ़ियों को भूमि सौंपना नहीं, बल्कि उन्हें उपजाऊ, स्वस्थ और जीवनदायी धरती सौंपना होना चाहिए। उन्होंने प्राकृतिक खेती को व्यापक स्तर पर अपनाने के लिए जागरूकता, प्रशिक्षण, व्यावहारिक अनुभव और सामूहिक प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।
आचार्य देवव्रत ने हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में देश को दिशा दिखा रहा है। उन्होंने इस दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयासों को सकारात्मक और सराहनीय बताया।

हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक सिंह ठाकुर ने प्राकृतिक खेती के विषय को अत्यंत प्रासंगिक और चिंतनीय बताते हुए आचार्य देवव्रत जी के प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषि, पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य और प्रकृति के संरक्षण के बीच गहरा संबंध है। वर्तमान परिस्थितियों में प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा प्रकृति के अनुरूप कृषि पद्धतियों को अपनाने पर गंभीरता से विचार करना आवश्यक है।

हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने प्रदेश में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्राकृतिक खेती को किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मज़बूत बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

इससे पूर्व साई इटरनल फाउंडेशन के संस्थापक सदस्य एवं अध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने सम्मेलन में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने फाउंडेशन की गतिविधियों, सामाजिक सरोकारों, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण के क्षेत्र में संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में साई इटरनल फाउंडेशन के माध्यम से नशा मुक्ति अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने तथा प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए एक संस्थागत केंद्र के रूप में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनकल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर निरंतर सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर प्राकृतिक खेती एवं कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान भाई-बहनों को माननीय राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया।

सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 8000 किसानों, धर्मगुरुओं, एनसीसी कैडेट्स, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों से जुड़े लोगों ने सहभागिता की।
सम्मेलन के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। इस पहल के माध्यम से प्रतिभागियों ने सामाजिक सेवा और मानव कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम के अंत में साई इटरनल फाउंडेशन के निदेशक एवं इसरो के पूर्व वैज्ञानिक डॉ. आर.के. सूद ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों, किसानों, सहयोगी संस्थाओं और आयोजन में योगदान देने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के लिए दोपहर के भोजन में पारंपरिक हिमाचली धाम परोसी गई।

About The Author

You may have missed