प्रदेश भर में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का आतंक, बिलासपुर के घागस में ‘अपना अस्पताल’ के ओपीडी काउंटर में चोरी, 2 लाख का सामान गायब,2 दिन के बाद भी चोरों का कोई सुराग नहीं
घागस-बिलासपुर मार्ग पर स्थित ‘अपना अस्पताल’ के एक्सटेंशन ओपीडी काउंटर में सेंधमारी कर अज्ञात चोरों ने करीब 2 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना की शिकायत आईजीएमसी शिमला के पूर्व रजिस्ट्रार व सीएमओ और वरिष्ठ कंसलटेंट रेडियोलॉजिस्ट डॉ. एन. एल. कौंडल द्वारा एसएचओ सदर बिलासपुर को एक शिकायत FIR के माध्यम से दी गई है।
चोरी की घटना 9 सितंबर 2026 की रात को अंजाम दी गई, जिसका पता 10 सितंबर को चला। खिड़की की जाली और रेलिंग तोड़कर घुसे चोरों ने दो कमरों के ताले तोड़े। यहां से लगभग 55 सीलिंग फैन (पंखे), 5-6 बिजली के सामान के बॉक्स और सेनेटरी व बिल्डिंग मटीरियल चोरी कर लिया गया। कुल नुकसान की कीमत लगभग ₹2,00,000 (2 लाख रुपये) आंकी गई है।
10 सितंबर को शाम 8 बजे शिमला से मौका-ए-वारदात पर पहुँचने के बाद डॉ कौंडल ने पुलिस को फोन पर सूचित किया और एफआईआर दर्ज करने व मौके का मुआयना करने का अनुरोध किया।
शिकायत पत्र में डॉक्टर कौंडल ने क्षेत्र में बढ़ते नशे के कारोबार और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर गंभीर चिंता जताई है । अस्पताल के केयरटेकर के अनुसार, देर रात (मध्य रात्रि) कारों में 5-6 संदिग्ध और नशे में धुत (चिट्टा/नशा करने वाले) युवक आते हैं।
ये तत्व इलाके में दहशत का माहौल बना रहे हैं, जिससे स्थानीय निवासियों की जान को भी खतरा बना हुआ है।
डॉक्टर एन एल कौंडल ने पत्र में उजागर किया कि घागस पुल से बिलासपुर रोड की ओर लगभग 500 मीटर का यह क्षेत्र सदर थाना और बरमाना थाना के बीच का ‘बॉर्डर एरिया’ पड़ता है। सदर पुलिस का कहना है कि यह उनका क्षेत्र नहीं है, जिसके कारण इस जगह पर पुलिस गश्त (Police Patrolling) की भारी कमी है। असामाजिक तत्व इसी बात का फायदा उठा रहे हैं।
डॉक्टर कौंडल ने पुलिस महानिदेशक (DGP शिमला) और एसपी बिलासपुर को पत्र की प्रतियां भेजकर घागस चौक से पुल तक गश्त बढ़ाने, FIR दर्ज करने और चोरों व नशेड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
