शिमला के कई स्कूलों को ईमेल से मिली बम सम्बन्धी धमकी,पुलिस त्वरित जुटी समन्वित कार्रवाई में
शिमला क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों को ईमेल के माध्यम से बम संबंधी धमकियां प्राप्त होने की सूचना संज्ञान में आई है। शिमला के वरिष्ट पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि अभी तक ये सूचनाएं जनरल तौर पर है किसी विद्यालय विशेष को नहीं है।प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला पुलिस द्वारा मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई की जा रही है।
प्रभावित विद्यालय परिसरों में पुलिस टीमों द्वारा व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया है। प्रत्येक स्थल का विधिवत निरीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है। किसी भी संभावित जोखिम को ध्यान में रखते हुए आवश्यक एहतियाती उपाय अपनाए गए हैं, जिनमें परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा स्थानीय प्रशासन एवं विद्यालय प्रबंधन के साथ सतत समन्वय शामिल है।
वर्तमान में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की पुष्टि नहीं हुई है। स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है तथा पुलिस द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है।
वरिष्ट पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने आम नागरिकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने, शांति बनाए रखने और सतर्क रहने की अपील की है ।
