शिमला में संयोजक स्तरीय निरंकारी महिला समागम आयोजित; संस्कारों व प्रेमा-भक्ति से घरों को स्वर्ग बनाने का आह्वान
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज की कृपा से बेम्लोई स्थित निरंकारी सत्संग भवन में संयोजक स्तरीय महिला संत समागम का भव्य आयोजन हुआ। इसमें शिमला, सोलन, दुर्गापुर, तातल, गुम्मा, सुन्नी और ठियोग से भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
समागम में सोलन से आईं ज्ञान प्रचारक उषा कालिया ने कहा कि बच्चे गीली मिट्टी के समान होते हैं, जो बड़ों के आचरण से सीखते हैं। परिवार में महिलाओं की भूमिका अहम है और जीवन में नम्रता, सहनशीलता व प्रेम अपनाने से ही भक्ति का आनंद मिलता है। उन्होंने कहा कि सतगुरु माता जी का उद्देश्य घरों को स्वर्ग बनाना है, जो ब्रह्मज्ञान, नित्य सत्संग और मजबूत रिश्तों से ही संभव है।


कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आई बहनों ने भक्तिमय विचारों, कविताओं और गीतों के माध्यम से वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया। अंत में शिमला ब्रांच के संयोजक हेमराज भारद्वाज ने सेवादल व श्रद्धालुओं का धन्यवाद किया। इस अवसर पर जोनल इंचार्ज कैप्टन एनपीएस भुल्लर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
