Today News Hunt

News From Truth

पेट्रोल-डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर नया सेस और शिमला शहर में पानी की दरों में 8% बढ़ोतरी पर भाजपा ने राज्य सरकार पर बोला बड़ा हमला,जनता पर केवल आर्थिक बोझ डालने के लगाए आरोप

Spread the love

भारतीय जनता पार्टी संजौली मंडल की बैठक छोटा शिमला तथा शिमला मंडल की बैठक गंज बाजार में आयोजित की गई। बैठकों में भाजपा प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी सुमित शर्मा तथा भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला सह प्रभारी अजय ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। संजौली मंडल की बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष संजीव चौहान तथा शिमला मंडल की बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष राजीव पंडित ने की।

बैठकों में संगठनात्मक गतिविधियों के साथ प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों और शिमला सहित प्रदेश की जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। भाजपा नेताओं ने पानी की दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी, पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए नए सेस तथा टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार किया।

भाजपा प्रदेश सचिव एवं जिला प्रभारी सुमित शर्मा ने कहा कि शिमला शहर में पेयजल की दरों में 8 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का फैसला शहरवासियों पर सीधा आर्थिक प्रहार है। सामने आई जानकारी के अनुसार इसका असर शहर के 35 हजार से अधिक उपभोक्ताओं पर पड़ेगा और नई दरें अगले वर्ष मार्च से लागू करने की बात कही गई है। घरेलू और व्यावसायिक दोनों श्रेणियों में दरें बढ़ने से आम परिवारों के साथ छोटे व्यापारियों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि समाचार में प्रकाशित प्रस्तावित दरों के अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 0 से 20 किलोलीटर तक मौजूदा 22.93 रुपये की दर बढ़कर 24.76 रुपये, 21 से 30 किलोलीटर तक 39.54 रुपये से 42.71 रुपये और 30 किलोलीटर से अधिक खपत पर 71.16 रुपये से 76.85 रुपये किए जाने का प्रस्ताव है। इसी प्रकार व्यावसायिक श्रेणी में भी अलग-अलग स्लैब में दरें बढ़ाई जा रही हैं।

सुमित शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार को यह बताना चाहिए कि राजधानी की जनता को पर्याप्त और नियमित पानी उपलब्ध कराए बिना हर वर्ष दरें बढ़ाने का औचित्य क्या है। एक तरफ कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को लेकर शिकायतें हैं और दूसरी तरफ सरकार तथा संबंधित कंपनी लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालने में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस जनविरोधी फैसले का विरोध करती है और सरकार से पानी की दरों में प्रस्तावित वृद्धि पर पुनर्विचार करने की मांग करती है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला सह प्रभारी अजय ठाकुर ने पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर अनाथ एवं विधवा सेस लगाए जाने के निर्णय को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सामाजिक रूप से जरूरतमंद वर्गों की सहायता करना सरकार की जिम्मेदारी है और भाजपा सदैव ऐसे वर्गों के कल्याण की पक्षधर रही है, लेकिन उसके लिए आम जनता पर बार-बार नए कर और सेस लगाना उचित नीति नहीं हो सकती।

उन्होंने कहा कि सरकार अपने अनावश्यक खर्चों में कटौती करने और वित्तीय प्रबंधन सुधारने के बजाय हर समस्या का समाधान जनता की जेब से पैसा निकालकर खोज रही है। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में किसी भी प्रकार की वृद्धि का प्रभाव केवल वाहन चलाने वालों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि माल ढुलाई, सार्वजनिक परिवहन और रोजमर्रा की वस्तुओं की लागत पर भी उसका असर पड़ता है। इससे महंगाई का दबाव और बढ़ने की आशंका रहती है।

अजय ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जनता को बार-बार आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा है। अब स्थिति यह हो गई है कि पानी महंगा, पेट्रोल-डीजल महंगा और रोजमर्रा की जिंदगी महंगी होती जा रही है। सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर जनता पर नए टैक्स और सेस लगाने का यह सिलसिला कब रुकेगा।

बैठक में टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष के खिलाफ सामने आए भ्रष्टाचार और पद के कथित दुरुपयोग के आरोपों पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रकाशित समाचार के अनुसार पालमपुर निवासी शिकायतकर्ता ने संस्थान के प्राचार्य और विजिलेंस को शिकायत भेजकर आय से अधिक संपत्ति, सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग, विदेश यात्रा और अन्य वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े आरोपों की जांच की मांग की है। शिकायत में सरकारी आवास में करीब 2.90 लाख रुपये का जिम उपकरण लगवाने और उसका भुगतान कथित रूप से सरकारी माध्यम से किए जाने का आरोप भी सामने आया है।

भाजपा ने स्पष्ट किया कि ये अभी शिकायत में लगाए गए आरोप हैं, इसलिए सरकार की जिम्मेदारी है कि इनकी समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच करवाकर सच्चाई जनता के सामने रखे। यदि आरोप गलत हैं तो स्थिति स्पष्ट हो और यदि जांच में अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों की विश्वसनीयता और सार्वजनिक धन के उपयोग से जुड़े विषयों पर किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जा सकती।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार को राजनीतिक बयानबाजी छोड़कर जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। राजधानी में पानी की दरों में वृद्धि से लेकर ईंधन पर अतिरिक्त सेस तक लगातार लिए जा रहे फैसले प्रदेश की आर्थिक स्थिति और सरकार की प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। भाजपा इन सभी जनहित के विषयों को जनता के बीच मजबूती से उठाएगी।

बैठकों में भाजपा जिला अध्यक्ष केशव चौहान, संजय सूद, कर्ण नंदा, संजीव देशटा, कमल सूद, सुदीप महाजन, गणेश दत्त, गुरमीत सिंह, किमी सूद, जिय लाल, पूर्ण, अजय सरना, बिलाल अहमद, अनीता सूद, अक्षय भरमौरी, ऋतु गौतम, पुनीता सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author

You may have missed