Today News Hunt

News From Truth

कांगड़ा के टांडा में प्राकृतिक खेती किसान सम्मेलन में किसानों ने प्राकृतिक खेती जैसी किसान हितैषी योजनाओं को सराहा, बताया मेहनत के उचित दाम देने वाली योजना

Spread the love

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के टांडा में प्राकृतिक खेती किसान सम्मेलन में किसानों से सीधा संवाद किया और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए उनके सुझाव आमंत्रित किए। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने मुख्यमंत्री से प्राकृतिक खेती के अनुभव साझा किए और प्रदेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की सराहना की। किसानों ने कहा कि प्राकृतिक खेती को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से जोड़ने की पहल से उन्हें अपनी मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है और खेती के प्रति उनका रूझान बढ़ा है।
प्रागपुर से आए एक किसान ने मुख्यमंत्री से संवाद करते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती के उत्पादों को एमएसपी मिलने से अब उनकी उपज का पैसा सीधे बैंक खाते में आ रहा है। उन्होंने भावुकता से कहा, ‘‘मुख्यमंत्री जी, अब पता चला कि जमीन भी सोना उगलती है।’’ उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की पहल से किसानों को खेती में मेहनत का वास्तविक लाभ मिल रहा है।
लंबागांव के पुनीचंद राणा ने बताया कि पहले गांव में 70 से 80 प्रतिशत जमीन खाली पड़ी रहती थी और वहां झाड़ियां उग आई थीं। प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन मिलने के बाद अब किसान हल्दी की खेती कर रहे हैं और इसे बीज के रूप में बेचकर अच्छी आमदनी अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्राकतिक खेती के उत्पादों को एमएसपी मिलने से किसान प्रोत्साहित हुए हैं और अब दोबारा खेती की ओर लौट रहे हैं।
बैजनाथ की सुनीता कुमारी ने मुख्यमंत्री से सीधे संवाद का अवसर देने के लिए सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में छोटे किसानों का महत्व बढ़ा है और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों से किसानों को लाभ मिल रहा है।
भेड़ू ब्लॉक के राजेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने पांच क्विंटल गेहूं और डेढ़ क्विंटल हल्दी सरकार को बेची। इसके अलावा विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से उन्हें अनुदान भी मिला है। उन्होंने किसान हित में चलाई जा रही योजनाओं के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
पठियार निवासी सुनीता रानी ने कहा कि उन्होंने प्राकृतिक खेती की शुरुआत अपने किचन गार्डन से की थी और अब मक्की की खेती कर रही हैं। भविष्य में वह हल्दी की खेती को भी विस्तार देने की योजना बना रही हैं।
धर्मशाला की गीता देवी ने प्राकृतिक खेती से मिल रहे लाभों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके पास अपनी जमीन नहीं है, लेकिन वह लीज पर जमीन लेकर प्राकृतिक खेती कर रही हैं। उन्हें देखकर आसपास के लोग भी प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान मेहनत कर रहे हैं और सरकार उनकी उपज का उचित मूल्य देकर उन्हें प्रोत्साहित कर रही है।
नूरपुर के एक किसान ने बताया कि आम के बगीचों में खाली पड़ी जमीन पर हल्दी की खेती कर उन्हें अतिरिक्त आय हो रही है। इससे उन्हें दोहरा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बाड़बंदी के लिए राज्य सरकार से अनुदान मिलने का भी उल्लेख किया और बताया कि वह खेती के साथ पशुपालन भी कर रहे हैं।
बैजनाथ के नवेंद्र कटोच ने कहा कि प्राकृतिक खेती के उत्पादों के लिए एमएसपी और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित करना राज्य सरकार की दूरदर्शी सोच है, जिसका किसानों को लाभ मिला रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से किसान अपनी मेहनत से बेहतर आमदनी अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बैजनाथ क्षेत्र में लगभग 100 हेक्टेयर भूमि पर किसान रासायनिक खेती छोड़कर प्राकृतिक खेती अपना चुके हैं।
.0.

About The Author

You may have missed