Today News Hunt

News From Truth

कोटखाई क्षेत्र में घरेलू गैस की सुचारू आपूर्ति न होने पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर तल्ख, संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को समस्या के जल्द समाधान के दिए सख्त निर्देश

Spread the love

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जिला शिमला के कोटखाई क्षेत्र में एलपीजी की सुचारू एवं नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आज उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में कैबिनेट मंत्री ने संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि कोटखाई क्षेत्र में एलपीजी आपूर्ति की समस्या का एक सप्ताह के भीतर पूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सेब सीजन के दौरान लोगों को रसोई गैस की कमी के कारण किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंत्री ने निर्देश दिए कि नारकंडा गैस एजेंसी से कोटखाई क्षेत्र की कुछ पंचायतों को जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी की जाए, ताकि क्षेत्र में गैस आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। उन्होंने कहा कि विभाग इस संबंध में सभी औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी करे।
बैठक में बताया गया कि कोटखाई क्षेत्र में लगभग 15,400 एलपीजी कनेक्शन हैं, जबकि कलबोग क्षेत्र में करीब 1,200 कनेक्शन धारक हैं। इनमें से 600 उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति की जा चुकी है, जबकि लगभग 600 कनेक्शनों का बैकलॉग अभी शेष है। बैकलॉग को समाप्त करने के लिए 250 एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति हेतु वीरवार को वाहन भेजा गया है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि गुम्मा में नई गैस एजेंसी खोलने का प्रस्ताव भी प्राप्त हुआ है, जिस पर विभाग आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करे। उन्होंने कलबोग क्षेत्र में नई गैस एजेंसी के लिए आवेदन आमंत्रित करने के भी निर्देश दिए, ताकि स्थानीय लोगों को नियमित एवं सुगम गैस आपूर्ति का लाभ मिल सके।
विभागीय अधिकारियों ने बैठक में अवगत करवाया कि डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) के बिना गैस आपूर्ति से संबंधित प्रक्रिया के कारण भी कई व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आई हैं। इस संबंध में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) से अतिरिक्त एलपीजी लोड उपलब्ध करवाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों से कलबोग क्षेत्र में गैस आपूर्ति की समस्या बनी हुई है।
कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैकलॉग क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर गैस आपूर्ति की समस्या को समाप्त किया जाए और उपभोक्ताओं को समयबद्ध तरीके से गैस उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि खन्नेटी-पुड़ग क्षेत्र में 500 कनेक्शनों की गैस आपूर्ति जारी की जा चुकी है तथा शेष क्षेत्रों में भी व्यवस्था को शीघ्र सामान्य किया जाए।
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी आपूर्ति की समस्या का एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर नियमित आपूर्ति बनाए रखने की बात कही।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेहर पंवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक नरेंद्र कुमार धीमान सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

About The Author

You may have missed