भाजपा नाहन विधानसभा क्षेत्र के माता कटासन मण्डल की बैठक में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष डॉ बिंदल ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और नाहन के विधायक अजय सोलंकी की कार्यशैली पर उठाए सवाल
भारतीय जनता पार्टी के माता कटासन मण्डल की महत्वपूर्ण बैठक धौलाकुआं में सम्पन्न हुई। इस बैठक में सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चल रही प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार व नाहन विधानसभा क्षेत्र के विधायक अजय सोलंकी की कार्यशैली की कड़े शब्दो में निंदा की गई।
डॉ. राजीव बिन्दल, प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में दर्जनों संस्थानों को बंद किया गया है, उन्हें बंद करने के लिए पार्टी नाहन के विधायक को दोषी मानती है। धौलाकुआं के भारापुर में पूर्व भाजपा सरकार में सी.एच.सी. बनाई गई थी व सैनवाला मुबारिकपुर में पी.एच.सी. बनाई गई थी, इन दोनों अस्पतालों को कांग्रेस ने बंद कर दिया है जिसके कारण हजारों मरीजों को लगातार हानि हो रही है। अभी तक इस क्षेत्र में बड़ा अस्पताल बन जाना चाहिए था, लेकिन नया तो क्या बनना था, जो बनाया गया था उसे भी बंद कर दिया गया है। इस जन विरोधी कार्य की पार्टी घोर निंदा करती है।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि माता कटासन मण्डल की 18 पंचायतों में सड़को की गम्भीर दुर्दशा है। एक भी नया पुल इन क्षेत्रों में नहीं बनाया गया है, एक भी नई सड़क नहीं बनी है। पांवटा साहिब से लेकर कालाआम तक पूरी सड़क लगातार जनता की जान लेने वाला काल मार्ग बन गया है। कांग्रेस के नेताओं की भ्रष्टाचार की भूख इस कदर बढ़ गई है कि अनेक बहुमूल्य जाने चले जाने के बाद भी बड़े-बड़े ट्राले लगातार चल रहे हैं जिन पर न नम्बर प्लेट है, न ही किसी प्रकार का नियम है। करोड़ों रूपये का भ्रष्टाचार का जाल बिछा कर हमारे क्षेत्रों के लोगों की जान की दुश्मन बन गई है कांग्रेस सरकार।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि पांवटा ब्लॉक की 13 पंचायतों के पीडब्ल्यूडी व आईपीएच विभाग के अधीशासी अभियन्ता के कार्यालय पांवटा से बदलकर नाहन कर दिए गए हैं जिसके कारण जनता को भारी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा, विधायक नाहन के इस निर्णय का कड़ा विरोध करती है। हमें यह भी आशंका है कि अब बिजली बोर्ड का दफ्तर, वन विभाग का दफ्तर, तहसीलदार का दफ्तर व एसडीएम का दफ्तर भी नाहन बदला जाएगा। इन 13 पंचायतों की जनता लगातार संघर्ष करेगी और उपरोक्त सभी मामलों को लेकर जनमानस को जागृत करेगी।
भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार व नाहन के विधायक पर क्षेत्र के बेरोजगारों के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक भी युवा को पक्की सरकारी नौकरी नहीं दी जा रही है। हजारों बहनों के साथ भी विधायक नाहन व कांग्रेस सरकार ने धोखा किया है। गरीब को हजारों-हजारों के बिजली के बिल दिए जा रहे हैं, बीपीएल की सूची को काट दिया गया है, कानून व्यवस्था चरमरा गई है। कांग्रेस पार्टी के चंद गुर्गों के द्वारा भ्रष्टाचार जमकर किया जा रहा है।
डॉ. बिन्दल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनमानस को साथ लेकर जन विरोधी नीतियों को लेकर कांग्रेस सरकार को उखाड़ फैंकने तक संघर्ष करेगी।
