Today News Hunt

News From Truth

शिमला ग्रामीण की पाहल पंचायत की पहली बैठक में दिखा लोगों का उत्साह, भारी जनभागीदारी से कोरम पूरा, सेक्रेटरी के न आने पर फूटा गुस्सा

Spread the love

शिमला ग्रामीण के तहत आने वाली पाहल पंचायत में रविवार को नई कार्यकारिणी की पहली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को लेकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया, जिसके चलते पहली ही बैठक में कोरम (न्यूनतम आवश्यक संख्या) आसानी से पूरा हो गया। उस पहली बैठक में लोगों की भागीदारी और अधिक होती लेकिन पंचायत के दो वार्डो में देव कार्य के चलते अधिकतर लोग शिरकत नहीं कर पाए । इस बैठक में महिलाओं की अधिकतम शिरकत ने पंचायत के उज्ज्वल भविष्य के संकेत तो दे ही दिए हैं साथ ही नई कार्यकारिणी को आने वाले समय में कोरम के पूरे होने जैसी समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा ।

​इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता संयुक्त रूप से नवनियुक्त प्रधान गिरीश शर्मा और उपप्रधान राजेंद्र ठाकुर ने की। बैठक में वार्ड सदस्यों के साथ-साथ 150 से अधिक ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

​हर वार्ड में शुरू होंगे दो-दो विकास कार्य

​बैठक के दौरान मुख्य रूप से सड़क, पीने का पानी, रास्ते और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। ग्रामीणों ने अपने-अपने वार्डों की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। चर्चा के बाद पंचायत ने पंचायत के हर वार्ड में प्राथमिक आधार पर दो-दो विकास कार्य शुरू करने का प्रस्ताव भी पारित किया। प्रधान व उपप्रधान ने ग्रामीणों को उनकी सभी जायज मांगों को आने वाली बैठकों के माध्यम से जल्द पूरा करने का आश्वासन भी दिया।

​पंचायत सेक्रेटरी की अनुपस्थिति पर भड़के ग्रामीण, रिकॉर्ड न मिलने से फंसा पेंच

​इस पहली ही बैठक में एक बड़ा विवाद भी सामने आया। बैठक का मुख्य एजेंडा और चिंता का विषय पंचायत सेक्रेटरी (सचिव) का बैठक में न पहुंचना रहा। सेक्रेटरी की अनुपस्थिति के कारण पंचायत के पिछले कामकाज का कोई भी रिकॉर्ड बैठक में प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिससे विकास कार्यों की रूपरेखा तय करने में दिक्कतें आईं।

वरिष्ठ अधिकारियों से होगी शिकायत:

पंचायत जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने सेक्रेटरी के इस रवैये पर कड़ी नाराजगी जताई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस लापरवाही के मामले को पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।

​सहयोग के लिए जताया आभार

​बैठक के समापन पर प्रधान गिरीश शर्मा और उपप्रधान राजेंद्र ठाकुर ने रिकॉर्ड संख्या में पहुंचने के लिए सभी ग्रामीणों और वार्ड सदस्यों का धन्यवाद किया। उन्होंने अपील की कि पंचायत के विकास को गति देने के लिए लोग भविष्य में होने वाली हर ग्राम सभा और बैठक में इसी तरह बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

About The Author

You may have missed