Today News Hunt

News From Truth

विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के मुख्य पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने कहा- कांग्रेस जनता को देने का जबकि भाजपा लेने का काम करती है

1 min read
Spread the love

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिये नियुक्त मुख्य पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि कांग्रेस  लोगों को देने का काम करती है तो भाजपा इसके विपरीत लेने का काम। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सदैब ही लोगों की चिंताओं को दूर किया है जबकि भाजपा ने लोगों की चिंताओं को बढ़ाने का।

आज प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आम सभा में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए बघेल ने कहा कि कांग्रेस के पास एक ऐसी सशक्त विचारधारा है जिसने देश की आजादी से लेकर इसके नव निर्माण में बहुत ही मजबूत भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों व निर्णयों ने आज देश को बर्बादी की राह पर लाकर खड़ा कर दिया है जो बहुत ही चिंता की बात है। 

बघेल ने कहा कि प्रदेश के निर्माण में डॉ यशवंत सिंह परमार और इसके विकास में प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री स्व वीरभद्र सिंह के योगदान को कभी  भुलाया  नही जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि चार उप चुनावों की भांति विधानसभा चुनावों में भाजपा का सफाया निश्चित है।

बघेल ने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा अपने सरमायेदार मित्रों के कर्ज तो माफ कर सकती है पर किसानों बागवानों के नही। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों, बागवानों,कर्मचारियों व आम लोगों को भाजपा के कुशासन से मुक्ति मिले इसके लिये पार्टी के सभी लोगो, कार्यकर्ताओं को भाजपा की जन विरोधी नीतियों व निर्णयों का पर्दाफाश करना है।

उन्होंने कहा कि जब किसी प्रत्याशी को टिकट मिल जाता है तो सभी को उसका समर्थन करते हुए उसकी जीत के लिये कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का फैसला  केंद्रीय नेतृत्व करेगा इस बारे किसी को कोई चिंता करने की जरूरत नही है।

इससे पूर्व अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी सांसद राजीव शुक्ला ने पार्टी पदाधिकारियों से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने को कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है उसे वह हर हाल में पूरा करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में वीरभद्र सिंह के सपनों को पूरा करना है इसके लिए कांग्रेस की सरकार बनाना बहुत ही जरूरी है।

इस दौरान सचिन पायलट ने कहा कि प्रदेश में  चार उप चुनावों की जीत के बाद अब विधानसभा में कांग्रेस की जीत का एक बड़ा संदेश पूरे देश में जायेगा। उन्होंने कहा कि इससे पूरे देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश व उत्त्साह बढेगा।

प्रदेश चुनाव के कांग्रेस पर्यवेक्षक प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा ही लोगों की भलाई के काम किये है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 90 दिनों के बाद चुनाव होने है इसके लिये सभी नेताओं, पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को मैदान में अभी से डटना होगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने  बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश में चल रहे पार्टी कार्यक्रमों व सगंठन की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस प्रदेश में एकजुटता के साथ चुनावों के लिये पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के दुष्प्रचार का मुंह तोड़ जवाब देगी।

प्रतिभा सिंह ने केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश चुनावों को नियुक्त पर्यवेक्षकों के  अनुभवों से कांग्रेस को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक ही मकसद लोगों की सेवा करना है और उसे वह हर हाल में करती रहेगी। 

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि अब तो सरकार के अफसर भी भागने की फिराक में है। 

मुकेश ने कहा कि कांग्रेस यह चुनाव महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 80 हजार करोड़ का कर्ज चढ़ चुका है। सरकार भाजपा के आयोजनों में सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही है।

चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखबिंदर सिंह सुक्खू ने भाजपा पर ताबड़तोड़ हमला करते हुए कहा कि भाजपा की यह पहली ऐसी सरकार है जिसने सेब को भी जीएसटी के दायरे में ला दिया है। उन्होंने कहा कि सेना में अग्निपथ व अग्निवीर योजन देश प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ एक बड़ा खिलवाड़ है जिसे किसी भी स्तर पर सहन नही किया जा सकता।

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित पार्टी नेताओं के दौरों ने भाजपा की नींद उड़ा दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता के लिये नही जन सेवा के लिये लड़ाई लड़ रही है। 

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed