Today News Hunt

News From Truth

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने शिमला नगर निगम चुनाव को बताया महत्वपूर्ण, पार्टी नेताओं को चुनावी मैदान में एकजुटता से उतरने का किया आह्वान

1 min read
Spread the love

अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने आज शिमला नगर निगम चुनावों की समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि विधानसभा चुनावों से पहले नगर निगम शिमला के चुनाव कांग्रेस की जीत के लिये बहुत ही महत्वपूर्ण है।उन्होंने कहा कि इस साल के अंत मे प्रदेश विधानसभा के चुनाव भी होने है इसलिए पूर्व की भांति आगे भी कांग्रेस को अपनी जीत का सिलसिला जारी रखना है।इसके लिए सभी को एकजुटता के साथ काम करते हुए मैदान में उतरना है। उन्होंने कहा कि जिसे जो भी जिम्मेवारी दी जाती है उसे उन्हें पूरी ईमानदारी के साथ पूरा करना होगा।
शुक्ला ने कहा कि प्रदेश में हुए उप चुनावों में कांग्रेस की जीत का एक बड़ा संदेश पूरे देश मे गया है।इस जीत के बाद देश मे बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ जनमत के तौर पर देखा गया और कुछ समय के लिए बढ़ती महंगाई डीज़ल,पेट्रोल व एलपीजी सिलेंडर के दाम कम भी हुए थे।उन्होंने कहा कि अब पांच राज्यों के चुनावों तक यह दाम स्थिर रहें पर अब उसके बाद यह हर रोज बढ़ रहे है और देश में महंगाई का दौर फिर से शुरू हो गया है।
शुक्ला ने कहा कि इन नगर निगम चुनावों के लिये लोगों से उनकी समस्याओं को दूर करने के लिये सुझाव मांगे जाने चाहिए।उन्होंने कहा कि आज बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है।उन्होंने कहा कि लोगों को इसके प्रति जागरूक करते हुए सरकार की जन विरोधी नीतियों को भी प्रमुखता से उठाना होगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी तजेंद्र सिंह बिट्टू ने कहा कि यह चुनाव सबके लिए एक परीक्षा की घड़ी है और इनमें सभी की सफल होना है।उन्होंने कहा कि मेनिफेस्टो में स्थानीय समस्यों को दूर करने के लिये और उनकी मांगों को प्रमुखता दी जानी चाहिए।
इससे पूर्व शुक्ला व बिट्टू सहित का बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ खड़ी है।प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ जितने भी जन आंदोलन किये है उन्हें लोगों का भारी जन समर्थन मिला है।उन्होंने कहा कि उप चुनावों से पहले चार नगर निगम चुनावों में से दो नगर निगम सोलन व पालमपुर में कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की।उन्होंने कहा कि धर्मशाला व मंडी में भाजपा ने तोड़ जोड़ कर इन दोनों निगमों पर कब्जा किया।उन्होंने दावा किया कि शिमला नगर निगम के चुनावों में कांग्रेस अपनी शानदार जीत का परचम लहरायेगी।
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने इस दौरान कहा कि कांग्रेस एकजुट है और मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी।उन्होंने कहा कि चुनाव किसी भी पार्टी के लिये एक चुनौती होते है और इस चुनौती पर कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव सुधीर शर्मा, डॉ कर्नल धनीराम शांडिल,रामलाल ठाकुर,राजेन्द्र राणा,कुलदीप कुमार,हर्ष महाजन व कांग्रेस महासचिव सगंठन रजनीश किमटा के अतिरिक्त समिति के अन्य सदस्य आदर्श सूद,हरिकृष्ण हिमराल,महेश्वर चौहान,हरीश जनारथा,यदुपति ठाकुर,जैनब चंदेल,अनुराग शर्मा,छतर सिह, जितेंद्र चौधरी,यशवंत छाजटा अन्यों के अतिरिक्त मौजूद थे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed