प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्ट ऑफ लिविंग के 45वें स्थापना समारोह में हुए शामिल,ध्यान मंदिर का उद्घाटन और सेवा पहलों का किया शुभारंभ
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज Art of Living Foundation के 45 वर्ष पूर्ण होने तथा संस्थापक श्री श्री रवि शंकर के 70वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित समारोह में भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने नव निर्मित ध्यान मंदिर का उद्घाटन किया तथा शिक्षा, पर्यावरण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास से जुड़ी कई राष्ट्रव्यापी सेवा पहलों का शुभारंभ किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “जब संकल्प स्पष्ट हो और कार्य सेवा भाव से किया जाए, तब हर प्रयास सफल होता है।” उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में योग, ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आर्ट ऑफ लिविंग के सेवा कार्यों की सराहना की। गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के साथ आत्मीय क्षण साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं आपका ही हूँ और जहाँ हूँ, वहाँ भी आपकी वजह से ही हूँ,” जिस पर उपस्थित जनसमूह ने उत्साहपूर्वक प्रतिक्रिया दी।
आर्ट ऑफ लिविंग हिमाचल प्रदेश की राज्य मीडिया कोऑर्डिनेटर तृप्ता शर्मा के अनुसार, माहभर चले इस वैश्विक उत्सव में 182 देशों से एक लाख से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल, सांसद, उद्योगपति, प्रशासनिक अधिकारी, किसान तथा अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में बढ़े आत्मविश्वास और सकारात्मक परिवर्तन की सराहना करते हुए कहा कि भारत आज वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है।
कार्यक्रम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। आर्ट ऑफ लिविंग ने बताया कि संगठन पिछले साढ़े चार दशकों से योग, ध्यान, शिक्षा और सेवा कार्यों के माध्यम से विश्वभर में करोड़ों लोगों तक पहुँचा है।
