Today News Hunt

News From Truth

नशे के खिलाफ शिमला पुलिस का बड़ा प्रहार: तीन अलग-अलग मामलों में 5 आरोपी गिरफ्तार, 47 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद

Spread the love

शिमला पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलताएं मिली हैं। जिला के विभिन्न थाना क्षेत्रों—रामपुर, ठियोग और सदर शिमला—में पुलिस टीमों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 47 ग्राम से अधिक चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।

1. रामपुर: बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर सह-आरोपी गिरफ्तार पुलिस थाना रामपुर की टीम ने 8 सितंबर 2026 को ल्हासा रेन शेल्टर के समीप पंजाब के लुधियाना निवासी शिवम कुमार नर (28) को 20.630 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया था (FIR No. 96/2026, धारा 21 NDPS Act)।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज खंगाले, जिससे पता चला कि ऊना निवासी प्रिन्स ठाकुर (20) फोन के जरिए शिवम के नियमित संपर्क में था और नशे की खरीद व आपूर्ति में सहायता कर रहा था। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 12 सितंबर को सह-आरोपी प्रिन्स ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया है।

2. ठियोग: गुप्त सूचना पर गाड़ी से 17 ग्राम चिट्टा बरामद उपमंडल ठियोग की डिटेक्शन सेल टीम को 12 सितंबर को गुप्त सूचना मिली कि भोटका मोड़ (सैंज) के पास एक गाड़ी में दो लोग नशे की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं।

पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली। वाहन में सवार मोहित गेटा (34) और किंचित चौहान (36), दोनों निवासी कोटखाई, जिला शिमला को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान मोहित गेटा के कब्जे से 17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। ठियोग थाना में FIR No. 131/2026 (धारा 21, 29 NDPS Act) दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

3. सदर शिमला: पुराना बस स्टैंड के कमरे से तराजू और 10 ग्राम चिट्टा जब्त स्पेशल सैल शिमला की टीम ने 12 सितंबर को गुप्त सूचना के आधार पर पुराना बस स्टैंड स्थित एक कमरे में छापेमारी की। कमरे में मौजूद हरियाणा (अंबाला) निवासी प्रदीप सिंह (31) और सुखवीर सिंह उर्फ सुखी (33) को पकड़ा गया।

कमरे में गद्दे के नीचे छिपाकर रखा गया 10 ग्राम चिट्टा और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। पुलिस थाना सदर शिमला में FIR No. 120/2026 (धारा 21, 29 NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आगामी कार्रवाई: सभी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामलों में आगामी जांच जारी है और नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा रहा है।

About The Author

You may have missed