Today News Hunt

News From Truth

भाजपा ने प्रदेश खासकर लोकनिर्माण मंत्री के चुनाव क्षेत्र में सड़क की बदहाली पर उठाए सवाल,पार्टी के प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्यार सिंह ने कहा-मिट्टी से गड्ढे भरने वाले मंत्री दूसरों को ज्ञान देने से पहले अपने विभाग और शिमला ग्रामीण की बदहाली देखें

Spread the love

भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्यार सिंह ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो मंत्री अपने विभाग की बदहाल स्थिति सुधारने में विफल रहे हों, उन्हें केंद्र सरकार और भाजपा को ज्ञान देने से पहले अपने काम का आत्ममंथन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए रिकॉर्ड आर्थिक सहयोग दिया है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार हो, केंद्रीय योजनाओं के माध्यम से विकास कार्य हों या आपदा के समय विशेष सहायता—हर अवसर पर केंद्र सरकार ने हिमाचल का साथ दिया है। स्वयं लोक निर्माण मंत्री भी केंद्र की इसी सहयोगात्मक नीति और प्रधानमंत्री मोदी के हिमाचल के प्रति विशेष स्नेह का लाभ अपने विभाग की परियोजनाओं के लिए उठाते रहे हैं। ऐसे में केंद्र सरकार पर सवाल उठाना केवल राजनीतिक दिखावा है।

प्यार सिंह ने कहा कि मंत्री महोदय यदि वास्तव में जनता की चिंता करते हैं तो उन्हें अपने विधानसभा क्षेत्र शिमला ग्रामीण की स्थिति पर भी ध्यान देना चाहिए। जिस क्षेत्र की जनता ने उन्हें विधायक बनाया और आज मंत्री पद तक पहुंचाया, वहीं की सड़कों की हालत सबसे अधिक चिंताजनक बनी हुई है। जगह-जगह उखड़ी सड़कें और गड्ढे शिमला ग्रामीण की पहचान बनते जा रहे हैं। लोक निर्माण मंत्री के अपने क्षेत्र की यह स्थिति सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है।

उन्होंने कहा कि शिमला ग्रामीण की अर्थव्यवस्था वर्षों से गांवों में उत्पादित ताजी सब्जियों, दूध और अन्य कृषि उत्पादों पर आधारित रही है। ग्रामीण बस सेवाओं के माध्यम से किसान अपनी उपज बाजार तक पहुंचाते थे, लेकिन बस सेवाएं प्रभावित होने से किसानों, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार इस समस्या के समाधान के बजाय केवल बयानबाजी में व्यस्त है।

भाजपा मीडिया सह-संयोजक ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को भाजपा के संगठन की चिंता छोड़कर अपने दल की आंतरिक स्थिति पर ध्यान देना चाहिए। आज कांग्रेस के भीतर जिस प्रकार गुटबाजी खुलकर सामने आ रही है, वह किसी से छिपी नहीं है। स्वयं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री सार्वजनिक रूप से पार्टी के अंदरूनी हालात पर बयान दे चुके हैं। ऐसे में भाजपा पर अनावश्यक टिप्पणी करना राजनीतिक हताशा का परिचायक है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता विकास, बेहतर सड़कें और सुशासन चाहती है, लेकिन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में केवल आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिल रही है। यदि लोक निर्माण मंत्री अपने विभाग की जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते तो प्रदेश की सड़कें इतनी बदहाल नहीं होतीं और जनता को रोजाना कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ता।

प्यार सिंह ने कहा कि भाजपा जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार को उसकी विफलताओं का जवाब देना होगा। प्रदेश की जनता अब केवल भाषण नहीं, बल्कि धरातल पर विकास और जवाबदेही चाहती है।

About The Author

You may have missed